Bhadohi

Mar 29 2023, 13:28

फिर आंधी के साथ बारिश के आसार


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। मौसम विभाग ने जिले का मौसम एक बार फिर बिगड़ने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण 30 मार्च से जिले में मौसम का मिजाज फिर बदलेगा। आंधी चलने के साथ बारिश हो सकती है। विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

कृषि मौसम केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि 30 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण मौसम बिगड़ने की स्थिति दिख रही है। बृहस्पतिवार से जिले में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तापमान की वृद्धि दर्ज की जाएगी। 31 मार्च से 2 अप्रैल के बीच तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज जाएगी। इस बीच बादलयुक्त मौसम होने के साथ अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं।

3 अप्रैल से मौसम साफ होने के कारण तापमान बढ़ते हुए क्रम में देखा जाएगा। 7 अप्रैल के आसपास फिर आंधी पानी की स्थितियां बन सकती है। सलाह दी कि किसान कटी फसल छायादार स्थान पर ढक लें। पकी फसल की कटाई कर तत्काल मड़ाई कर लें।

Bhadohi

Mar 29 2023, 12:09

ट्रैक्टर-आटो की भिड़ंत में तीन की मौत, दो घायल


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। कोतवाली क्षेत्र के सिंहपुर नहरा के पास मंगलवार की देर शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर व आटो में भिड़ंत होने से आटो चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि आटो में सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल में कराया गया। ट्रैक्टर चालक घटना स्थल पर ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। तीनों का शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पीएम को भेज दिया। सड़क दुघर्टना में तीन मौत होने से पीड़ित परिजनों में कोहराम मचा गया।

मामला संज्ञान में आते ही अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती सीओ ज्ञानपुर प्रभात राय जिला अस्पताल पहुंच ग‌ए थे। पीड़ित परिजनों का विलाप सुन लोगों का कलेजा फटा जा रहा था। सिंहपुर गांव निवासी 40 वर्षीय सुनील कुमार पाण्डेय पुत्र फूलचंद गोपीगंज से पांच सवारी लेकर ज्ञानपुर की तरफ आ रहा था। इस बीच जैसे ही वह सिंहपुर नहरा के पास पहुंचा ज्ञानपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार की ट्रैक्टर अचानक लहरा गई और आटो में भिड़ ग‌ई।

ट्रैक्टर -आटो में सवार चालक सुनील कुमार, दुर्गागंज त्रिमुहानी ज्ञानपुर निवासी 52 वर्षीय मुरलीधर दूबे व 35 वर्षीय तनु श्रीवास्तव पुत्र गोविंद निवासी पुरानी बाजार, 30 वर्षीय दीपक मोदनवाल एवं नैनी प्रयागराज निवासी अनिल कुमार गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटना स्थल पर ही आटो चालक सुनील की मौत हो गई।

एंबुलेंस से पांचों को महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय में लाया गया। जहां जिला अस्पताल में मुरलीधर दूबे की मौत हो गई। वहीं हालत गंभीर होने पर तनु को रेफर कर दिया गया था। जिनकी गोपीगंज के पास मौत हो गई। मृतक मुरलीधर दूबे डूडा विभाग में काम करते थे। जबकि घायल दीपक मोदनवाल व अनिल कुमार का इलाज जिला चिकित्सालय में हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।

शीघ्र ही ट्रैक्टर चालक को पकड़कर संबंधित धारा में कार्रवाई की जाएगी। दर्दनाक घटना तीन मौत से पीड़ित परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे की भनक लगते ही अस्पताल में लोगों का जमावड़ा लग गया। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती व सीओ ज्ञानपुर प्रभात राय ने पीड़ित परिजनों से बात कर शव को पीएम के लिए भेज दिया। पीड़ित परिवार का बिलाप सुन लोग आंख से आंख से आंसू नहीं रोक पा रहे थे।

मामला संज्ञान में आते ही गोपीगंज कोतवाल सदानंद सिंह, कोतवाल ज्ञानपुर मयफोर्स पहुंच ग‌ए।‌ वहीं नायब तहसीलदार संजय कुमार भी राजस्व विभाग की टीम संग जिला अस्पताल में डटे रहे।

Bhadohi

Mar 29 2023, 10:47

*पूजी गईं सौभाग्य की अधिष्ठात्री देवी महागौरी*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही।वासंतिक नवरात्र के आठवें दिन बुधवार को आदि शक्ति मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी विधि-विधान से पूजी गईं। देवी मंदिरों से लेकर लोगों के घरों तक देवी मंत्रों से गांव और नगर गुंजायमान रहे।

घंट-घड़ियाल की आवाज से पूरा वातावरण देवीमय हो गया। कड़ी धूप के बाद भी आस्था में डूबे भक्त मां की एक झलक पाने को बेताब रहे। उधर भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को अलौकिक एवं अद्वितीय बनाने के लिए प्रत्येक भक्त पूरे मनोयोग से जुटे रहे। नगर क्षेत्रों की गली-गली केसरिया रंग से नहा गईं तो आदिशक्ति की तंत्रोक्ति एवं अर्गला स्तोत्र की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।साधकों ने मां जगत जननी जगदंबा के महागौरी के स्वरूप में पूजन -अर्चना की।

सौभाग्य, धन-संपदा, सौंदर्य और स्त्री जनित गुणों की अधिष्ठात्री देवी महागौरी के पूजन से धन-धान्य, गृहस्थी, सुख और शांति प्राप्त होती है। देवी मंदिरों में दर्शन पूजन में भक्तों की सुबह से ही लंबी कतार लगी रही। अष्टमी पर ज्यादातर देवी भक्तों ने व्रत रखा और वे माता रानी के पूजन- अर्चन में लगे रहे।

नगर के घोपइला माता मंदिर पर भोर से ही आदि शक्ति के दर्शन को भक्तों की कतार लगी रही। गोपीगंज स्थित प्राचीन दुर्गामंदिर, काली देवी मंदिर, कबूतरनाथ मंदिर आदि स्थानों पर देवी भक्तों का तांता लगा रहा। महिला-पुरुष दर्शन पूजन कर देवी की स्तुति कर रहे थे। खमरिया, औराई, महराजगंज, बाबूसराय, जंगीगंज, ऊंज क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर स्थित देवी मंदिरों में आस्थावानों की भीड़ लगी रही।

Bhadohi

Mar 28 2023, 19:18

*जिले में खुलेंगे चार नए परिषदीय स्कूल*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। बच्चों की सहूलियत के मद्देनजर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले में चार परिषदीय स्कूल खोले जाएंगे। इसके लिए विभागीय स्तर से जिला योजना के माध्यम से प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इससे स्कूलों की संख्या 896 हो जाएगी।

जनपद सृजन के बाद करीब ढाई दशक में जिले के छह ब्लॉकों में परिषदीय, कस्तूरबा, मॉडल सहित अन्य विद्यालय खोले गए जबकि पहली से आठवीं तक के लिए 892 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट स्कूल खुले। इन स्कूलों में करीब दो लाख बच्चे पंजीकृत हैं। गुजरे एक दशक में नए स्कूलों की स्वीकृति नहीं मिली, लेकिन स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए काम किया गया।

2011 की जनगणना के मुताबिक जिले की आबादी करीब 15 लाख है। 10 साल बाद होने वाली जनगणना अभी तक नहीं हो सकी, लेकिन कालीन नगरी की आबादी करीब 20 लाख से अधिक हो चुकी है। ऐसे में कई ग्राम पंचायतों में स्कूलों की संख्या कम होने से वहां के बच्चों को एक से दो किमी दूर शिक्षा ग्रहण करने के लिए जाना पड़ता है। पूर्व में संबंधित ग्राम पंचायतों की मांग को ध्यान में रखते हुए 2022-23 की जिला योजना की बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से चार नए प्राथमिक स्कूल खोलने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया।

शिक्षा विभाग के मुताबिक लोकमनपुर, आशापुर, दत्तीपुर और कोछिया में नए विद्यालय खोलने का प्रस्ताव बनाया गया है। इन स्कूलों के निर्माण पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होंगे। कुछ ग्राम पंचायतों में स्कूलों की संख्या कम है। पूर्व में होने वाली मांग के मद्देनजर चार स्कूलों का प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृत होने पर उनका निर्माण शुरू कराया जाएगा।

Bhadohi

Mar 28 2023, 15:10

जनपद में चढ़ा सियासी पारा


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। यूपी निकाय चुनाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट की ओर हरी झंडी मिलते ही जिले में एक बार फिर से चुनाव की सरगर्मी बढ़ी है। प्रत्याशियों में जोश का संचार हो गया। प्रत्याशी फिर से तैयारियां करने लगे हैं। जिले की दो नगर पालिका भदोही और गोपीगंज के साथ पांच नगर पंचायत ज्ञानपुर, सुरियावां, न‌ईबाजार, खमरियां और घोसिया में नगर अध्यक्ष पदों के लिए दावेदारी की चाह रखने वाले प्रत्याशी दावेदारी मजबूत करने में जुटे ग‌ए‌।

हालांकि अभी अधिसूचना कब जारी होगी। यह स्पष्ट नहीं है। लेकिन प्रयाशी जल्द चुनाव तिथि घोषित होने की उम्मीद लगा रहे हैं। जिले में भाजपा,सपा, बसपा और कांग्रेस के दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है। इस बार निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी भी दावेदारी कर रही है। भावी उम्मीदवार अब चुनाव की तिथियों का बेसब्री से इंतजार करने लगे हैं। विभिन्न पार्टियों के प्रमुख पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में जुट गए।

Bhadohi

Mar 28 2023, 14:35

कोर्ट का फैसला : अतीक समेत तीन दोषी करार, अशरफ समेत सात आरोपी दोष मुक्त, सजा का ऐलान होना बाकी


प्रयागराज/ लखनऊ । उमेश पाल अपहरण मामले में प्रयागराज की एमपी-एमएलए कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। मामले में अतीक समेत तीन आरोपियों को कोर्ट ने दोषी करार दिया है। जबकि अशरफ समेत सात आरोपियों को दोष मुक्त कर दिया है। थोड़ी देर में सजा का एलान होगा। अतीक अहमद पर उमेश पाल के हत्या का भी आरोप है। उसे गुजरात के साबरमती जेल से प्रयागराज लाया गया है।

अतीक का भाई अशरफ भी दोषी नहीं पाया गया

उमेश पाल अपहरण मामले में माफिया अतीक अहमद, उसके करीबी शौलत हनीफ और दिनेश पासी को जिला न्यायालय की एमपी एमएलए विशेष न्यायाधीश डॉक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला ने दोषी करार दिया है। विशेष अदालत ने आईपीसी की धारा 364 ए के तहत दोषी पाया। तीनों दोषियों को ढाई बजे सजा सुनाई जाएगी।

विशेष अदालत ने बाकी सभी सात आरोपियों को इस मामले में दोषमुक्त कर दिया है। अतीक का भाई अशरफ भी दोषी नहीं पाया गया है।

जानिए क्या है पूरा मामला

बसपा विधायक राजू पाल मर्डर केस में मुख्य गवाह उमेश पाल से जुड़े हुए मामले में कोर्ट ने फैसला सुनाया है। इस केस में आरोप था कि 28 फरवरी 2006 को अतीक अहमद और अशरफ ने उमेश पाल का अपहरण कराया था। उमेश पाल को मारपीट करने के बाद परिवार समेत जान से मारने की धमकी देते हुए कोर्ट में जबरन हलफनामा दाखिल कराया गया। 2007 में मायावती की सरकार बनने के बाद उमेश पाल ने पांच जुलाई 2007 को अतीक और अशरफ समेत 5 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई थी।

पुलिस की जांच में छह अन्य लोगों के नाम सामने आए। कोर्ट में अतीक और अशरफ समेत 11 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई। 2009 से मुकदमे का ट्रायल शुरू हुआ। अभियोजन यानी सरकारी पक्ष से कुल 8 गवाह पेश किए गए। इस केस के 11 आरोपियों में से अंसार बाबा नाम के आरोपी की मौत हो चुकी है। अतीक और अशरफ समेत कुल 10 आरोपियों के खिलाफ कोर्ट ने मंगलवार को अपना फैसला सुना दिया है।

Bhadohi

Mar 28 2023, 11:51

गर्मी की चुनौतियों से निपटने की तैयारी


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले में निरंतर तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है। अभी से गर्मी का एहसास होने लगा है, जबकि मई-जून की गर्मी बाकी है। गर्मी बढ़ते ही लू का खतरा भी बढ़ जाता है।

जरा सी लापरवाही लोगों को बीमार कर सकती है। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियों को पुख्ता करना शुरू कर दिया है। सीएमओ डॉ. एसके चक ने जिले के स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को गर्मी के उपकरणों को ठीक कराने का निर्देश दिया है। सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्रों पर एक अप्रैल से कूलर, पंखे सहित अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरणों को चेक करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा कि जो भी उपकरण खराब या बेकार हैं, उनकी मरम्मत करा ली जाए। ताकि गर्मी के दिनों में चुनौतियों से निपटा जा सके। कहा कि स्वास्थ्य केंद्र बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित होने चाहिए। जिले में जिला चिकित्सालय, सौ शैय्या चिकित्सालय और महाराज बलवंत चिकित्सालय के साथ 6 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 17 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 153 सब सेंटर हैं।

Bhadohi

Mar 28 2023, 11:50

निकायों में डोर टू डोर कूड़ा उठान ध्वस्त


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। निकाय क्षेत्रों में डोर टू डोर कूड़ा कचरा का उठान का निकाय प्रशासन के दावे पर नागरिक सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि सफाई कर्मचारी सिर्फ सड़क से कूड़ा कचरा उठा कर ड्यूटी पूरी कर रहे हैं। वे वार्ड के घरों तक जाने की जहमत नहीं उठा रहे हैं। इससे खाली स्थानों पर कूड़ा कचरा डंप हो रहा है। निकायों में सुबह 6 से 10 बजे तक कूड़ा का उठान किया जाता है।

जिले में दो नगर पालिका भदोही, गोपीगंज के अलावा पांच नगर पंचायत ज्ञानुपर, सुरियावां, नई बाजार, घोसिया, खमरियां है। भदोही शहर में डोर टू डोर कूड़ा उठाने का कार्य महीनों से चल रहा है। इसके लिए स्थायी के अलावा ठेके पर भी कर्मचारी रखे गए हैं। लेकिन अधिकतर मोहल्लों के लोग सफाई व्यवस्था से नाखुश हैं। लोगों का कहना है कि कटरा बाजार, जमुंद, मर्यादपट्टी, बंधवा, पीरखांपुर, स्टेशन रोड, पश्चिम तरफ, अहमदगंज काजीपुर, निजामपुर आदि स्थानों पर कचरे का उठान समय से नहीं किया जाता है।

सफाई कर्मचारी मुख्य मार्ग से कूड़ा उठाकर चले जाते हैं। छोटी-छोटी गलियों के लोगों का कू़ड़ा नहीं उठाया जा रहा है। ईओ जी.लाल ने कहा कि 25 पुराने वार्ड हैं, इनमें कूड़ा उठान नियमित हो रहा है। तीन नए वार्डों में आवश्यकतानुसार कूड़ा गाड़ी भेजी जाती है।

Bhadohi

Mar 28 2023, 11:49

*शक्तिपीठों में लोगों ने किया कालरात्रि का पूजन*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। वासंतिक नवरात्र के सातवें दिन मंगलवार को मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की विधि-विधान से पूजा की गईं। इस दौरान देवी मंदिरों से लेकर लोगों के घरों तक देवी मंत्रों से गांव और नगर गुंजायमान रहे।

घंटा-घड़ियाल की गगनभेदी आवाज से पूरा वातावरण भी देवीमय हो उठा। कड़ी धूप के बाद भी आस्था में डूबे भक्त मां के एक झलक पाने को बेताब रहे।

आदिशक्ति की तंत्रोक्ति एवं अर्गला स्तोत्र की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो चुका है।नौ दिवसीय नवरात्र के सातवें दिन साधकों ने मां जगत जननी जगदंबा के कालरात्रि के स्वरूप में पूजन-अर्चन की। नकारात्मक, तामसी और राक्षसी प्रवृत्तियों का विनाश कर अभय प्रदान करती हैं। मां का यह रूप ज्ञान और वैराग्य प्रदान करता है।

कोरोना संक्रमण को देखते हुए देवी मंदिरों में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए भक्त दर्शन पूजन करते रहे। अधिसंख्य देवी भक्त व्रत रहकर देवी के पूजन-अर्चन में लगे रहे। आदिशक्ति के एक झलक पाने के लिए भक्त आतुर दिखे।नगर के घोपइला माता मंदिर पर भोर से ही आदि शक्ति के दर्शन को भक्त पहुंच रहे थे।

भीड़ इकट्ठा न हो इसलिए वह दर्शन पूजन करने के बाद घर चले जा रहे थे। गोपीगंज स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर, काली देवी मंदिर, कबूतरनाथ मंदिर आदि स्थानों पर देवी भक्तों का तांता लगा रहा। महिला-पुरुष दर्शन पूजन कर देवी की स्तुति कर रहे थे। इस दौरान घंटा- घड़ियाल के साथ गगनभेदी जयकारे से क्षेत्र गुंजायमान रहा।

इसी तरह खमरिया, औराई, महराजगंज, बाबूसराय, जंगीगंज, ऊंज सहित अन्य स्थानों पर स्थित देवी मंदिरों में आस्थावानों की कतार लगी रही। आचार्य संदीप पांडेय ने बताया कि मां कालरात्रि राक्षसी प्रवृत्तियों का विनाश कर अभयदान देती हैं।

Bhadohi

Mar 27 2023, 18:30

*रक्तदान शिविर कार्यक्रम सम्पन्न*


नितेश श्रीवास्तव

भदोही। नेहरू युवा केन्द्र भदोही, एन जी ओ लक्ष्य 365 एक प्रयास का और जिला ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वाधान में रक्तदान शिविर का आयोजन जीवन दान हॉस्पिटल, सुरियावां में किया गया। कार्यक्रम के अतिथि जीवन दान हॉस्पिटल के मुख्य चिकित्सक एम. सी. गुप्ता जी ने कहा रक्तदान किसी की जिंदगी बचाने के लिए किया जाता है निस्वार्थ सेवा का कार्य है।

उन्होंने कहा रक्तदान से दिल की बीमारी औ हृदयघात के खतरे को कम किया जा सकता है। नेहरू युवा केन्द्र के जिला युवा अधिकारी राम गोपाल चौहान ने कहा- रक्तदान ही जीवनदान है। उन्होंने कहा भले ही आपको रक्तदान देने में कुछ मिनट लगे लेकिन वे ही कुछ मिनट एक व्यक्ति के लिए नई जीवन भर का समय दान दे देगें । कार्यक्रम में जिला ब्लड बैंक से महेन्द्र पाल जी, 365 के प्रबंधक गणेश तिवारी जी रक्त दान की शुरुआत स्वयं जिला युवा अधिकारी राम गोपाल चौहान ने अपना ब्लड दान किया ।

इनके अतिरिक्त नेहरू युवा केन्द्र के कर्मचारी राजनाथ सिंह ने और विकास खण्ड के नीरज यादव, वी. तिवारी, प्रदीप कु. दुबे, दिलीप यादव, डा. सौजन्य रत्न मौर्य एवं सतीश ने रक्तदान किया । लक्ष्य 365 के प्रबंधक- गणेश तिवारी एवं महेन्द्र पाल ने कार्यक्रम को सुचारू रूप चलाया। इस अवसर पर नेहरू युवा केन्द्र के पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक शत्रुन्जय कुमार शुक्ल, नेहरू युवा केन्द्र डीघ के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक हर्षन्जय कुमार शुक्ल, विकास सिंह, अनिल यादव, अमित मौर्य परवेज, संजय सोनकर, रवि शंकर यादव, सुमित पाण्डेय आदि रहे।